शुजालपुर: सर्वधर्म समभाव के साथ 146 जोड़ों का विवाह संपन्न, एक ही मंच पर लिए सात फेरे और कबूल किए निकाह

Spread the love

शुजालपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत शुजालपुर कृषि उपज मंडी में सामूहिक विवाह समारोह एक अनोखी मिसाल बन गया, जहां सामाजिक समरसता के वातावरण में 100 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि 46 जोड़ों ने निकाह कबूल किया। कुल 146 जोड़े विवाह बंधन में बंधे और इस शुभ क्षण के साक्षी बने प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिक।

धर्म और समाज से ऊपर उठकर एक मंच पर हुए विवाह
यह आयोजन केवल विवाहों का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का संदेश भी दे गया। इस दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, कलेक्टर ऋजु बाफना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन, माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और कन्या पूजन के साथ हुई।

मंत्री इंदर सिंह परमार ने इस अवसर पर कहा, “मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल आर्थिक सहायता देने का जरिया नहीं, बल्कि यह गरीब परिवारों के लिए एक संबल भी है। इस योजना का उद्देश्य किसी भी बेटी की शादी धन के अभाव में न रुके, और यह आयोजन उसी सोच को साकार कर रहा है।” उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।

बारात का भव्य स्वागत, संस्कारों के साथ नवजीवन की शुरुआत
इस अवसर पर एक भव्य सामूहिक बारात निकाली गई, जिसमें पारंपरिक कलश यात्रा, संगीत और जुलूस शामिल था। शहरवासियों ने बारात का जोश और उमंग के साथ स्वागत किया। जनपद अध्यक्ष सीताबाई पाटोदिया और जिला पंचायत सदस्य जगदीश फौजी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।

165 जोड़ों का हुआ था पंजीयन, 146 ने रचाई शादी
समारोह के लिए कुल 165 जोड़ों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 146 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि 19 जोड़े अनुपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल सामूहिक विवाह का उदाहरण था, बल्कि समाज में एकता, समानता और संस्कारों के मेल का भी प्रतीक बन गया।

इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद अजनोदिया ने किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी अर्चना कुमारी, जनपद पंचायत सीईओ रूशाली पोरस, विजय सिंह बैस, जेपी परमार, अशोक नायक, किशोर सिंह पाटीदार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top